नई दिल्ली, 19 नवंबर । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह के नेतृत्व में बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन में एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत निगम के 4,000 से अधिक दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हमारे सफाई कर्मियों के अमूल्य परिश्रम को सच्ची पहचान देता है।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए इसे सफाई योद्धाओं के प्रति सच्ची कृतज्ञता और न्याय का कदम बताया। उन्होंने कहा कि ये वे मेहनती हाथ हैं जिन्होंने वर्षों तक बिना किसी स्थायी सुरक्षा के दिल्ली को चमकाया है।
महापौर ने कहा कि भाजपा का संकल्प हमेशा से रहा है कि कर्मठ कर्मचारियों को उनका हक मिले। यह निर्णय सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला संवेदनशील कदम है।
