सुबह-सुबह नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह सोचना भी मुश्किल होता है और रोज़ वही नाश्ता खाकर बच्चे और घर के लोग भी बोर हो जाते हैं। ऐसे में कुछ नया, स्वादिष्ट और हेल्दी बनाने का मन हो तो सूजी-दही चीला एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बनाना आसान है और मेहमानों को परोसें तो वे भी इसकी तारीफ़ करते नहीं थकेंगे।
सूजी-दही चीला बनाने की आसान रेसिपी
पहला स्टेप:
एक बाउल में 1 कप सूजी लें। इसमें आधा कप दही और आधा कप पानी मिलाकर बैटर तैयार कर लें। बैटर को 20 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी और दही अच्छी तरह फूल जाए।
दूसरा स्टेप:
अब बैटर में बारीक कटा प्याज़, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। चाहें तो सर्दियों में अपनी पसंद की कोई भी सब्जी बारीक काटकर डाल सकते हैं।
इसके बाद आधा-आधा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी और गरम मसाला मिलाएँ। थोड़ा कुटी लाल मिर्च और नमक डालकर बैटर को अच्छी तरह फेंट लें। अगर बैटर गाढ़ा लगे तो थोड़ा और पानी मिला लें।
तीसरा स्टेप:
एक नॉन-स्टिक तवा या डोसा पैन गर्म करें। हल्का घी या बटर लगाकर बैटर को फैलाएँ और चीला की तरह सेकें। एक साइड से सिक जाए तो पलटकर दूसरी ओर भी गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएँ।
इसी तरह सारे चीले तैयार कर लें।
गरमागरम सूजी-दही चीला को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें। यह नाश्ता बच्चों और बड़ों, सभी को बहुत पसंद आएगा।
