दंतेवाड़ा, 26 नवंबर। जिले के एनएमडीसी बचेली प्लांट में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जहां स्क्रीनिंग प्लांट के कन्वेयर बेल्ट में फंसने से एक कर्मचारी शिव कुमार की मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही प्लांट में अफरा तफरी फैल गई, इस हादसे से प्लांट में कर्मचारियों ने सुरक्षा काे लेकर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। वहीं घटना की सूचना पर पंहुची पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।
दंतेवाड़ा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके. बर्मन ने बताया कि हादसा डिपॉजिट नंबर-5 में हुआ है, जब कर्मचारी शिव कुमार ड्यूटी पर काम कर रहा था, इसी दौरान वह अचानक कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर परिजन और कर्मचारी यूनियन ने एनएमडीसी प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वहीं बचेली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुरे मामले की जांच कर रही है।
