नई दिल्ली, 24 दिसंबर । उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। घने कोहरे की चादर ने कई राज्यों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आज अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट बताती है कि बुधवार को ठंड और बढ़ सकती है। 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है, वहीं क्रिसमस के दिन भी ठिठुरन बनी रहने के आसार हैं।
कश्मीर में भी कड़ाके की ठंड जारी है। आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि आज और कल कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे पर्यटक घाटी की सर्दी का आनंद उठा सकेंगे।
बिहार में आज मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर प्रदेश में भी आज धूप निकलने के आसार हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पंजाब में भी मौसम साफ रहेगा। चंडीगढ़ में दिनभर धूप रहने से अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहेगा। बुधवार को पारा और गिरने की संभावना है।
