28 दिसंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कल भी इस बैठक की अध्यक्षता की थी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि सम्मेलन के दौरान उन्होंने शासन और सुधारों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की। 26 दिसंबर से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय सम्मेलन राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं पर संरचित और सतत संवाद के माध्यम से केंद्र-राज्य साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के सहकारी संघवाद के दृष्टिकोण पर आधारित यह सम्मेलन केंद्र और राज्यों के सहयोग से देश की मानव पूंजी क्षमता को अधिकतम करने और समावेशी एवं भविष्योन्मुखी विकास को गति देने के लिए एक एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने का मंच है। बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव पूंजी’ है, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं और रणनीतियों पर चर्चा की गई है।
