07 जनवरी । राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी) ने फैशन डिजाइन, प्रबंधन और प्रौद्योगिकी के विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 2026-27 बैच हेतु आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि इस महीने की 13 तारीख तक बढ़ा दी है।
वस्त्र मंत्रालय ने कहा कि यह तिथि इसलिए बढ़ाई गई है ताकि कम शुल्क का लाभ अधिक से अधिक उम्मीदवारों को मिल सके। पिछले महीने, मंत्रालय ने ओपन, ओबीसी (एनसीएल) और ओपन-ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 3 हजार रुपये से घटाकर 2 हजार रुपये और एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए 1 हजार 500 रुपये से घटाकर 500 रुपये करने की घोषणा की थी।
छात्र इस महीने की 14 से 16 तारीख तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी अगले महीने की 8 तारीख को देश भर के 102 शहरों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा और पेन-पेपर आधारित प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगी।
