07 जनवरी। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने घोषणा की है कि इंडियन सुपर लीग 14 फरवरी से शुरू होगी, जिससे छह महीने के उस संकट का अंत होगा जिसने भारतीय फुटबॉल को ठप्प कर दिया था।
आईएसएल, जो पहले सितंबर में शुरू होता था, अब मोहन बागान और ईस्ट बंगाल समेत सभी 14 क्लबों को शामिल करेगा। ये दोनों क्लब अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ द्वारा सुझाए गए वित्तीय मॉडल का विरोध कर रहे थे। श्री मांडविया ने सरकार, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ और क्लब प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक के बाद यह घोषणा की।
लीग में घरेलू और बाहरी मैचों के आधार पर 91 मैच खेले जाएंगे। अंतिम कार्यक्रम और व्यवस्था संबंधी निर्णय क्लबों द्वारा आने वाले हफ्तों में लिए जाएंगे।
एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा है कि द्वितीय श्रेणी की आई-लीग भी लगभग उसी समय फिर से शुरू होगी, जिसमें सभी 11 क्लब 55 मैचों के संक्षिप्त प्रारूप में भाग लेंगे।
श्री चौबे ने आगे कहा कि दोनों लीगों के प्रबंधन के लिए एक गवर्निंग काउंसिल बोर्ड का गठन किया जाएगा और उसे व्यावसायिक निर्णय लेने का अधिकार होगा।
आईएसएल सत्र जुलाई में एआईएफएफ के वाणिज्यिक साझेदार, फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड द्वारा संचालन निलंबित करने के बाद स्थगित कर दिया गया था। यह निलंबन मास्टर राइट्स एग्रीमेंट को लेकर अनिश्चितता के कारण हुआ था, जिसकी समाप्ति पिछले साल दिसंबर में हुई थी। नए साझेदार के लिए बाद में जारी निविदा में कोई भी बोली प्राप्त नहीं हुई।
