एलन मस्क की कंपनी X Corp ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट को लेकर गलती स्वीकार की है और कहा है कि वह अब भारतीय कानूनों के अनुसार काम करेगी और ऐसे कंटेंट को पूरी तरह हटाएगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, X ने अब तक करीब 3,500 पोस्ट ब्लॉक की हैं और 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट किए हैं। आगे से X पर अश्लील तस्वीरों की अनुमति नहीं होगी।
सरकार ने पहले X को नोटिस जारी कर Grok AI चैटबॉट द्वारा बनाए जा रहे गैर-सहमति वाले यौन कंटेंट को लेकर जवाब मांगा था। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) ने X पर सख्त रुख अपनाया।
सरकार ने X को 72 घंटे के भीतर Action Taken Report (ATR) देने को कहा था और चेतावनी दी थी कि अगर कंपनी ने अश्लील, नग्न और आपत्तिजनक कंटेंट को नहीं रोका, तो IT Act और अन्य कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया कि Grok AI की टेक्निकल और गवर्नेंस प्रणाली की पूरी समीक्षा की जाए, सख्त यूजर पॉलिसी लागू की जाए और नियम तोड़ने वालों के अकाउंट सस्पेंड या बंद किए जाएं।
X Corp ने कहा है कि वह चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज कंटेंट (CSAM) समेत सभी गैरकानूनी कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी और स्थानीय कानून एजेंसियों के साथ सहयोग करेगी।
एलन मस्क ने भी कहा कि जो भी Grok का इस्तेमाल गैरकानूनी कंटेंट बनाने में करेगा, उसके खिलाफ वही कार्रवाई होगी जो सीधे अवैध कंटेंट अपलोड करने पर होती है।
