नई दिल्ली, 28 जनवरी । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी पर चाकू से जानलेवा हमले के मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एजीएस यूनिट ने एक नाबालिग को पकड़ा है। आरोपित पर उप्र पुलिस के एक जवान और उसकी मदद के लिए आए एक आम नागरिक पर चाकू से हमला करने का आरोप है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बुधवार को बताया कि घटना 22 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे की है। खजूरी खास इलाके में बदमाशों के एक समूह ने उप्र पुलिस के एक जवान, जो थाना लोनी (गाजियाबाद) में तैनात था, पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आए एक स्थानीय युवक पर भी चाकू से वार किया गया। हमले में पुलिसकर्मी के गले पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें आईं, जबकि आम नागरिक के हाथ में चाकू लगा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में मेडिकल रिपोर्ट और घायल पुलिसकर्मी के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच और पहले से पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ के दौरान इस नाबालिग का नाम सामने आया, जिसने कथित तौर पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एजीएस यूनिट को उसे पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर पूछताछ कर सुराग जुटाए। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अपने रिश्तेदार से मिलने वेलकम इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर जाल बिछाया गया और टीम ने नाबालिग आरोपित को दबोच लिया।
