रायपुर 30 जनवरी। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने अपने युवा मोर्चा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विभिन्न जिलों में जिलाध्यक्षों और जिला महामंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है।
प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डाॅ. नवीन मारकंडे ने आज शुक्रवार काे सार्वजनिक किया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। जारी सूची में रायपुर शहर के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी अर्पित सूर्यवंशी, बस्तर से अभिलाष यादव, नारायणपुर से परमानंद नाग, कबीरधाम से उमंग पांडे, राजनांदगांव चिन्टू साेनकर को दी गई है।
घोषणा सूची में बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, जशपुर, कवर्धा, बेमेतरा, रायपुर शहर, कोरबा, महासमुंद, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित कई अन्य जिलों के युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के नाम शामिल हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठनात्मक विस्तार, युवा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
