नई दिल्ली, 31 जनवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को महरौली स्थित प्राचीन सिद्धपीठ माता योगमाया मंदिर में मां के दर्शन किए। मुख्यमंत्री आज महरौली में 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि माता योगमाया शक्ति, संरक्षण और धर्म की दिव्य चेतना हैं, जिनकी कृपा से यह नगर सदियों से आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा पाता रहा है। उन्होंने मां से हर परिवार के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और मंगल का प्रकाश बनाने की प्रार्थना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने आज गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी में मत्था टेककर गुरु साहिब को नमन किया। उन्होंने यहां गुरु साहिब से समाज में सेवा, समर्पण और समानता की भावना निरंतर बढ़ती रहने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सब सप्तम पातशाह गुरु हर राय साहिब जी का पावन प्रकाश पर्व भी मना रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब का जीवन हमें मानवता की सेवा, जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण का शाश्वत संदेश देता है। उन्होंने सिखाया कि सच्ची शक्ति विनम्रता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा में निहित है। उनके बताए मार्ग पर चलकर प्रेम, सेवा और सद्भाव को अपने जीवन में अंगीकार करना ही सच्ची श्रद्धा है।
