धमतरी , 10 फरवरी। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से चयनित पांच व्याख्याताओं ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) पुणे में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला में भाग लिया। इस कार्यशाला का आयोजन राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य उच्चतर माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को आधुनिक एवं शोध आधारित विज्ञान शिक्षण विधियों से अवगत कराना था।
धमतरी जिले से भाग लेने वाले शिक्षकों में व्याख्याता अवध राम साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेघा), त्रिलोकचंद साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलोनी), पुरुषोत्तम पटेल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दह्दा), श्रीमती मंजूषा साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली) तथा अजीत चट्टानी (शासकीय सजेश स्कूल, कुरूद) शामिल रहे।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने आईआईएसईआर पुणे के राष्ट्रीय केंद्र का अवलोकन किया तथा सरल व रोचक वैज्ञानिक प्रयोगों की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही तारामंडल भ्रमण, विज्ञान गैलरी एवं प्रयोगशालाओं का अध्ययन कराया गया। शिक्षकों को प्रकाश, गुरुत्वाकर्षण, गति, तारे, स्थानांतरण जैसे जटिल विषयों को दैनिक जीवन से जोड़कर पढ़ाने की तकनीक सिखाई गई। कम लागत वाली डिजिटल शिक्षण सामग्री के निर्माण पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
शिक्षकों ने बताया कि यह प्रशिक्षण विज्ञान शिक्षा को अधिक रोचक, व्यावहारिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में सहायक सिद्ध होगा। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
