नई दिल्ली, 13 फ़रवरी । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी गांव से शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस की सरकार 15 वर्षों और आम आदमी पार्टी (आआपा) की सरकार 11 वर्षों में नहीं कर सकीं, हमारी सरकार ने एक वर्ष में कर दिया।
मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने मात्र एक वर्ष में दिल्ली में 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह हमारी सरकार की गति और स्केल का प्रमाण है। आरोग्य मंदिरों का सबसे बड़ा लाभ दिल्लीवासियों को मिल रहा है, जिन्हें अब अपने ही क्षेत्र में जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा सुलभ हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही 1100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने के अपने लक्ष्य को भी पूरा करेंगे, ताकि हर नागरिक को उसके अपने क्षेत्र में भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में फ्री टेस्ट, निःशुल्क दवाइयां, उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं, कैंसर स्क्रीनिंग, टीकाकरण और मातृ-शिशु देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली में करोड़ों रुपये की परियोजनाएं चल रही है। इससे यहां गांवों का भी विकास हो रहा है। क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों होने का फायदा भी इस क्षेत्र को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी व्यक्तियों को इलाज मिले। इसके लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार काम कर रही है।
इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक करतार सिंह तंवर, निगम पार्षद सुंदर सिंह तंवर उपस्थित रहे।
