प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। पांच दिवसीय यह एक्सपो इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के साथ आयोजित किया जा रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक प्रदर्शन के रूप में कार्य करेगा। इसमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका सहित 13 देशों के पवेलियन होंगे, जो एआई इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करेंगे।
इस एक्सपो में 300 से अधिक चुनिंदा प्रदर्शनी मंडप और लाइव प्रदर्शन होंगे, जो तीन मुख्य विषयों – लोग, ग्रह और प्रगति – पर आधारित होंगे। इसमें 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भी शामिल होंगे, जो वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक और जन-केंद्रित समाधान विकसित कर रहे हैं।
इस आयोजन के दौरान, विभिन्न क्षेत्रों में एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव को उजागर करने और यह सुनिश्चित करने के लिए भविष्य की कार्रवाइयों पर चर्चा करने के लिए 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे कि एआई से हर वैश्विक नागरिक को लाभ मिले। इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 25 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र के भीतर नई साझेदारियों को बढ़ावा देना और व्यावसायिक अवसर पैदा करना है।
स्वास्थ्य सेवा, कृषि और शासन जैसे क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 कल राष्ट्रीय राजधानी में शुरू होने जा रहा है।
