प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर श्री मैक्रॉन आज से शुरू होने वाले तीन दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर हैं और एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने जा रहे हैं।
राष्ट्रपति मैक्रोन की यह भारत की चौथी यात्रा होगी और मुंबई की उनकी पहली यात्रा होगी। उनकी चर्चा रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने और इसे नए और उभरते क्षेत्रों में और अधिक विस्तारित करने पर केंद्रित होगी। शाम को, दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और अन्य नवोन्मेषकों की सभा को संबोधित करेंगे।
