लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज ढाका में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हाल ही में हुए संसदीय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में श्री बिरला की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और अटूट मित्रता को रेखांकित करती है और दोनों देशों को जोड़ने वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है। मंत्रालय ने श्री रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में निर्वाचित सरकार के गठन का भी स्वागत किया।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भारत, चीन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया और श्रीलंका सहित 13 देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया है। नव निर्वाचित संसद सदस्य भी आज सुबह जातीय संसद भवन में शपथ ग्रहण करेंगे। बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 212 सीटें जीतीं, जबकि जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 77 सीटें मिलीं।
