धमतरी, 19 फ़रवरी । वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की 397वीं जयंती गुरुवार को धमतरी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के युवाओं ने भव्य मोटर साइकिल रैली निकालकर शहर में जोश और गौरव का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तुलजा भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। युवाओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके बाद निकली रैली में युवा केसरिया ध्वज लहराते हुए “जय शिवाजी, जय भवानी” के जयकारे लगाते नजर आए। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। रैली में शामिल युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और संगठन की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। युवाओं ने शिवाजी महाराज के साहस, कुशल नेतृत्व और हिंदवी स्वराज के संकल्प को याद करते हुए समाज में एकता और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में राष्ट्रप्रेम और संगठन की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। धमतरी में जयंती का यह आयोजन पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
इस अवसर पर वैभव रण सिंह, नवीन जाचक, सौरभ रणसिंह, लोकेश पवार, विक्रम भोंसले, पवन जाधव सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
