21 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की।
महासचिव गुटेरेस ने एआई को लोकतांत्रिक बनाने और इसे मानव-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर एक स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की स्थापना और एआई से संबंधित मुद्दों पर विकासशील देशों को दिए गए समर्थन के लिए महासचिव के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने एआई के लिए मानव विजन को दोहराया और विकास के उत्प्रेरक के रूप में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने समकालीन वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने वाली बहुध्रुवीय दुनिया पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की तत्काल आवश्यकता पर भी बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने महासचिव गुटेरेस को उनके शेष कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
