रायपुर, 23 फ़रवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इसके अनुसार राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद इस वर्ष 631,291 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है जो पिछले वर्ष से 11.57 प्रतिशत अधिक है।
वित्त मंत्री ने चालू मूल्यों पर राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 6.31 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार कृषि क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत तथा सेवा क्षेत्र में सर्वाधिक 13.15 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। स्थिर भावों पर राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 8.11 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आर्थिक सर्वेक्षण में बताया गया है कि 2024-25 में छत्तीसगढ़ ने 10.50 प्रतिशत की उल्लेखनीय आर्थिक वृद्धि दर्ज की।
वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय 1,79,244 रुपये अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.07 प्रतिशत अधिक है। सरकार का कहना है कि विभिन्न जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव राज्य की अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। कृषि, उद्योग और सेवा सभी क्षेत्रों में राज्य का विकास राष्ट्रीय औसत से अधिक रहेगा। खासकर सेवा क्षेत्र पर पहले बजट में अधिक फोकस किया गया था।
