रायगढ़ । नवपदस्थ कलेक्टर ने पहले ही दिन से जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। एक आरक्षक की ज्यादती से तंग आकर एक परिवार ने कलेक्टर से शिकायत कर दी। दोपहर में मामला सामने आया और शाम होते-होते एफआईआर दर्ज कर ली गई।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने मंगलवार को टीएल बैठक और जनदर्शन लिया। जब वे सृजन सभाकक्ष से कलेक्टोरेट आ रहे थे तब उनके सामने एक परिवार अपनी परेशानी बयां करने लगा। उनका कहना था कि बस्तर इलाके में पदस्थ रायगढ़ निवासी एक आरक्षक ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के पुत्र को सिर में चोट आई। सिर पर पट्टी बांधकर पहुंचे युवक को देखकर कलेक्टर ने उन्हें लिखित में आवेदन देने को कहा। इसके बाद तहसीलदार लोमस कुमार मिरी को मामले की पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई करने को कहा। शाम होते तक चक्रधर नगर थाने में आरोपी संजू जांगड़े के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई।
शिकायतकर्ता नीता श्रीवास्तव का कहना है कि रामभांठा का रहने वाला संजू जांगड़े 6 महीने से उनके घर आना-जाना कर रहा था। सोमवार रात 11 बजे भी वह आया था। प्रार्थी का कहना है कि उसने छह लाख रुपए संजू को दिए थे। जब राशि वापस मांगी तो उसने गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस पर महिला की बेटी सृष्टि और बेटा अक्षत ने बीच-बचाव किया।
इस दौरान आरोपी संजू ने क्रिकेट के बैट से वार किया जिससे अक्षत का सिर फट गया। संजू ने जान से मारने की धमकी भी दी। प्रार्थी का कहना है कि आरोपी एक पुलिस आरक्षक है जिसकी पोस्टिंग बस्तर इलाके में है। कलेक्टर से शिकायत के बाद इस मामले में चक्रधर नगर आरोपी संजू जांगड़े के विरुद्ध थाने में धारा 294, 323 और 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
