बलरामपुर, 26 फ़रवरी । स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आमजन को राहत देने वाली प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का सकारात्मक असर अब बलरामपुर जिले में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। राजपुर विकासखंड के चरगढ़ निवासी भूखनारायण सिंह ने योजना से प्रेरित होकर अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कराया है, जिससे उनका मासिक बिजली बिल उल्लेखनीय रूप से कम हो गया है।
सिंह ने बताया कि पहले घर में बिजली उपयोग के अनुसार प्रतिमाह हजारों रुपये का बिल आता था, लेकिन सोलर पैनल लगने के बाद खर्च में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने में लगभग 2 लाख रुपये की लागत आई। योजना के तहत केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य शासन से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की अनुदान राशि मिली, जबकि शेष राशि बैंक फाइनेंस के माध्यम से आसान किस्तों में उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगने से न केवल बिजली बिल कम हुआ है, बल्कि बार-बार बिजली कटौती की समस्या से भी राहत मिली है। अब उनका घर निर्बाध बिजली से जगमगा रहा है।
भूखनारायण सिंह अन्य ग्रामीणों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और उन्हें सौर ऊर्जा के फायदे बता रहे हैं। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य हर घर को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली खर्च में कमी लाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। जिले में इस योजना के प्रति लोगों का बढ़ता रुझान ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
