अंबिकापुर, 09 मार्च । सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा कोयला खदान से चोरी किया गया चार बोरा कोयला बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को अमेरा कोयला खदान क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा कोयले की चोरी और तस्करी किए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने लखनपुर थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देश के बाद सक्रिय हुई लखनपुर पुलिस टीम ने जांच के दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम रवि दास (28 वर्ष), पिता उलांग दास, निवासी पुहपुटरापारा थाना लखनपुर तथा सत्यम राजवाड़े (24 वर्ष), पिता अमरसाय राजवाड़े, निवासी पुहपुटरा थाना लखनपुर बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी करने की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी किया गया चार बोरा कोयला तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सी 3178 और सीजी 15 सीवाई 2085 बरामद की। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उपनिरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक प्रवीण तिवारी, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, चंद्र प्रकाश टंडन तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े सहित थाना लखनपुर की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
