रायपुर 11 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज बुधवार काे आठवां दिन है। आज सदन की कार्यवाही के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही शुरू होगी।इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे।
सदन में आज जंबूरी विवाद, आत्मानंद स्कूलों का मुद्दा गूंजेगा। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल इस मुद्दे को उठाएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी स्कूलों की दुर्दशा को लेकर सवाल लगाया है। इन सवालों का जवाब स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सदन में देंगे। इसके अलावा विभागों से जुड़े सवालों का जवाब मंत्री लखन लाल और डिप्टी सीएम अरुण साव देंगे।
जिसके बाद ध्यानाकर्षण के दौरान आज सदन में आयुष्मान से इलाज नहीं होने का मुद्दा उठेगा। कांग्रेस विधायक कविता लहरे आयुष्मान योजना के तहत इलाज नहीं मिलने का मुद्दा सदन में उठाएंगी। वहीं अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों के रासायनिक अपशिष्ट से पानी प्रदूषित होने के मामले को ध्यानाकर्षण के जरिए उठाएंगे। इसके अलावा मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम के विभागों पर भी चर्चा होगी। साथ ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा।
इसके साथ ही विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह, हर्षिता बघेल याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे, और मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।
