जगदलपुर, 18 मार्च । चैत्र नवरात्रि को लेकर बस्तर में जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, टेंपल कमेटी ने इस वर्ष जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर में लगभग 3 हजार मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित करने की संभावना जताई है। टेंपल कमेटी ने ज्योति कलश के शुल्क में मामूली बढ़ोतरी की है। इस साल तेल के ज्योति कलश के लिए 751 रुपये और घी के लिए 1751 रुपये देने होंगे।
श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा टेंपल कमेटी द्वारा दी जा रही है। कलश स्थापना को लेकर श्रद्धालु ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं। मनोकामना ज्योत जलवाने के लिए मंदिर कमेटी द्वारा पिछले साल से क्यूआर कोड सिस्टम की सुविधा शुरू की गई है। टेंपल कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि दंतेश्वरी मंदिर में मनोकामना ज्योत जलवाने के लिए विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी बुकिंग करवा रहे हैं। श्रद्धालु वेबसाइट पर क्लिक करेंगे तो रजिस्ट्रेशन और पेमेंट के बाद बुकिंग हो जाएगी। अब तक लगभग दो हजार श्रद्धालुओं ने रसीद कटवा ली है। श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए मंदिर के गेट के पास काउंटर बनाया गया है।
