नई दिल्ली, 19 मार्च । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को झंडेवालान मंदिर में मां आदिशक्ति की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि चैत्र नवरात्रि भारतीय संस्कृति का एक पावन पर्व है, जो शक्ति, श्रद्धा और नवआरंभ का प्रतीक है। यह नौ दिनों का उत्सव मां आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों की आराधना का अवसर है, जहां भक्ति के साथ आत्मसंयम, साधना और सकारात्मक ऊर्जा का संकल्प जुड़ा होता है।
मुख्यमंत्री इस दौरान झंडेवालान मंदिर में आयोजित भजन क्लबिंग में मां आदिशक्ति की भक्ति और संगीत के दिव्य संगम का अनुभव किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि भक्ति की इस मधुर धारा ने वातावरण को मां के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। यह नया सांस्कृतिक स्वरूप हमारे युवाओं को सनातन परंपरा से जोड़ते हुए उनके भीतर श्रद्धा, ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार कर रहा है।
