रायपुर , 20 मार्च। राजधानी रायपुर में धार्मिक पर्वों के मद्देनजर नगर निगम ने तीन दिनों तक मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार 20 मार्च को चेट्रीचंड, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर शहर की सभी मांस-मटन की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
यह निर्णय महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर लिया गया है। नगर निगम ने साफ कहा है कि प्रतिबंधित दिनों में किसी भी होटल, ढाबा या दुकान में मांसाहार की बिक्री करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखें।
