बलरामपुर, 26 मार्च । चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा, जिससे क्षेत्र पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चैत्र नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे, जिससे दोनों मंदिर परिसरों में लंबी कतारें लग गईं।
दिनभर भक्तों का आना-जाना जारी रहा और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लेते नजर आए। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, मंदिर प्रबंधन समितियों ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
पहाड़ी मंदिर में विशेष आकर्षण के रूप में भंडारे का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष एवं रामनवमी आयोजन समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस भंडारे में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हालांकि, भीड़ के बीच कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं। विशेषकर पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में चारपहिया वाहनों के प्रवेश को लेकर समस्या सामने आई। निर्धारित पार्किंग स्थल होने के बावजूद कई वाहन सीधे मंदिर तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
मंदिर प्रबंधन ने पहले ही वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा नियमों की अनदेखी किए जाने से व्यवस्था पर दबाव बना। इसके बावजूद प्रशासन और प्रबंधन की सक्रियता के चलते पूरे दिन दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना की।
