बलरामपुर, 30 मार्च । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज के वार्ड नंबर-7 में आज साेमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक गरीब परिवार को बेघर कर दिया, जिससे जीवनयापन का संकट गहरा गया है।
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर स्थित वार्ड नंबर-7 में एक दर्दनाक अग्निकांड में मजदूरी कर जीवन यापन करने वाली महिला का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की यह घटना राधा सरकार के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक घर से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस हादसे में घर के भीतर रखा दैनिक उपयोग का लगभग पूरा सामान जल गया। इसमें राशन, कपड़े, बिस्तर, पलंग सहित करीब 7 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं। अनुमान है कि कुल मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति नष्ट हो गई।
घटना के बाद पीड़ित महिला और उसके परिवार के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि राधा सरकार पिछले कई वर्षों से मजदूरी कर धीरे-धीरे घर का सामान जुटा पाई थीं, जो इस हादसे में पूरी तरह खत्म हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिनमें पार्षद अर्जुन दास भी शामिल हैं, मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता और जरूरी सामग्री जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
