सूरजपुर, 31 मार्च । सूरजपुर जल संसाधन विभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता अरुण कुमार मिश्रा 31 मार्च 2026 को 37 वर्षों की लंबी और निष्ठापूर्ण सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विभागीय कार्यालय में उनके सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अरुण कुमार मिश्रा के साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उन्हें भावभीनी विदाई दी। सभी ने उनके सरल स्वभाव, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान अरुण कुमार मिश्रा ने भी भावुक होते हुए अपने सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी साथियों का सहयोग और स्नेह उनकी सेवा यात्रा की सबसे बड़ी पूंजी रहा है।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर कलेक्टोरेट सूरजपुर में कलेक्टर एस. जयवर्धन ने भी उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके दीर्घकालीन योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और ससम्मान विदाई दी।
यह अवसर न केवल एक अधिकारी के कार्यकाल के समापन का था, बल्कि उनकी समर्पित सेवा और अनुभवों को याद करने का भी एक भावुक क्षण बन गया।
