नई दिल्ली, 02 फरवरी । विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने गुरुवार को भारत में विदेशी उच्च शिक्षण संस्थानों (एचईआई) के परिसरों की स्थापना और संचालन के लिए यूजीसी के मसौदे पर टिप्पणी, सुझाव व प्रतिक्रिया प्राप्त करने की अंतिम तिथि 2 फरवरी से बढ़ाकर 20 फरवरी कर दी है।
यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा कि यह यूजीसी द्वारा पूर्व में 05 एवं 16 जनवरी को जारी सार्वजनिक सूचना एफ.एन 1-3/2022 (एनईपी) के क्रम में है, जिसमें यूजीसी के परिसरों की स्थापना और संचालन के (भारत में विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों के परिसरों की स्थापना और संचालन) विनियम, 2023 पर हितधारकों से टिप्पणियां मांगी गई है।
सचिव ने कहा कि पूर्वोक्त मसौदा विनियमों पर टिप्पणी, सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए हितधारकों से प्राप्त अनुरोधों के मद्देनजर, अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 20 फरवरी 2023 कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह अनुरोध किया जाता है कि टिप्पणियां, सुझाव एवं फीडबैक को 20 फरवरी तक यूजीसी को ई-मेल पर भेजे जाएं।
