चंद्रमा पर मानव वापसी की दिशा में अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा तेजी से आगे बढ़ रहा है। आर्टेमिस 2 मून मिशन की सफलता के बाद अब नासा अगले मिशन आर्टेमिस 3 और आर्टेमिस 4 लॉन्च की तैयारी में जुट गया है। हाल ही में सफलतापूर्वक पूरा हुए आर्टेमिस II मिशन के बाद अब एजेंसी का फोकस अगले मिशनों पर है, जिसमें चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यात्रियों को उतारना शामिल है। नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, अब आर्टेमिस II क्रू घर लौट आया है, तो हमारे आर्टेमिस प्रोग्राम के लिए आगे क्या है? पूरी दुनिया ने इसे देखा। आर्टेमिस II ने इंसानों को अंतरिक्ष में इतनी दूर तक पहुंचाया, जहां हम पिछले आधे सदी से भी ज्यादा समय में कभी नहीं पहुंचे थे और इसने नई पीढ़ी को दिखाया कि खोज-यात्रा कैसी होती है। चांद पर वापसी की यात्रा जारी है। अब बारी है आर्टेमिस III की। हम हर साल आर्टेमिस मिशन लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। 2027 में अगला मिशन आर्टेमिस III होगा और 2028 में आर्टेमिस IV चंद्रमा पर उतरेगा।
