शूटिंग स्पर्धा में, एशियाई खेलों के पदक विजेता शिव नरवाल ने कल मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप 2026 के उद्घाटन दिवस पर पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा जीतकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 241.8 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
उज्बेकिस्तान के सोदिकजोन अब्दुल्लायेव 240.0 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि चिराग शर्मा 218.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। शिव नरवाल ने भी क्वालीफाइंग राउंड में टॉप किया था।
इससे पहले दिन में, पनाह भुगरा ने जूनियर आईएसएसएफ विश्व कप में भारत के लिए पहला पदक हासिल किया। उन्होंने महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 250.6 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। कल के तीन पदकों के साथ भारत ने टूर्नामेंट के पहले दिन स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
काहिरा में 25 संघों के कुल 284 एथलीट प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जिनमें भारत का सबसे बड़ा दल 71 भारतीय निशानेबाजों के साथ भाग ले रहा है।
