धमतरी, 22 अप्रैल। धमतरी जिले में चल रहे विकास और आजीविका संवर्धन कार्यों की हकीकत परखने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा बुधवार काे खुद मैदान में उतरे। कुरुद विकासखंड के दरबा, कोटगांव और भाटागांव गांवों का दौरा कर उन्होंने योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समय सीमा की समीक्षा की। अधिकारियों से कहा कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सबसे पहले दरबा पहुंचे कलेक्टर ने किसानों द्वारा की जा रही गेंदा फूल की खेती का जायजा लिया। खेतों में पहुंचकर उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और उत्पादन, लागत, बाजार व्यवस्था व आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी फसलें किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी जरिया बन सकती हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहयोग और बाजार से बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद कोटगांव में औषधीय नर्सरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पौधों की गुणवत्ता, संरक्षण और उत्पादन व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने नर्सरी को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने, औषधीय पौधों के विस्तार और स्थानीय युवाओं को इससे जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि औषधीय खेती किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है। भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उनके मुताबिक, सेंटर शुरू होने से पशुपालकों को उचित मूल्य पर दूध बेचने की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को नई गति मिलेगी।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी रखने और कार्यों में नवाचार व बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कुरुद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित सेन, आरईएस के एसडीओ विनोद दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
