कोलकाता, 24 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आआपा) प्रमुख अरविंद केजरीवाल तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में कोलकाता आएंगे।
आआपा सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के आमंत्रण पर केजरीवाल आगामी 26 व 27 अप्रैल को कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ममता बनर्जी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
गौरतलब है कि, राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ। उससे पहले बुधवार को अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी से फोन पर बात की थी। बाद में उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
केजरीवाल ने लिखा कि अभी-अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई है। उन्होंने उनके प्रति पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक कठिन और महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए भी बहुत अहम है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सहित विभिन्न संस्थाओं का दुरुपयोग करने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पार्टी इस चुनाव में हारेगी।
