April 28, 2026

Blog

Spread the love

नई दिल्ली, 28 अप्रैल । तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में पीजीडीएवी येल्लो और पीजीडीएवी ब्लू टीमों ने मंगलवार को प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले बड़े अंतर से जीत लिए।

पहले मुकाबले में करण सोनी (71 रन, 31 गेंद, 4 चौके, 8 छक्के) और नैतिक यादव (67 रन, 26 गेंद, 7 चौके, 6 छक्के) की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर पीजीडीएवी येल्लो ने 9 ओवर में बिना विकेट खोए 142 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज की टीम 20 ओवर में 139/9 का स्कोर ही खड़ा कर सकी। टीम की ओर से वरुण भट्ट (33) और शौर्य भाटिया (32) ने उल्लेखनीय योगदान दिया।

गेंदबाजी में हिमांशु (4 विकेट/32 रन), सारंग अस्थाना (2 विकेट/10 रन) और जय शर्मा (2 विकेट/23 रन) ने अहम भूमिका निभाई। करण सोनी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, यह पुरस्कार एशिया कुराश रेसलिंग के महासचिव प्रवीण त्यागी ने प्रदान किया।

दूसरे मुकाबले में लक्ष्य गोयल ने तूफानी अंदाज में 47 गेंदों पर 136 रन (6 चौके, 17 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली और गेंदबाजी में भी 44 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा मंदीप सिंह (80 रन, 27 गेंद) और राहुल बाग (42 रन, 13 गेंद) की तेजतर्रार पारियों की बदौलत पीजीडीएवी ब्लू ने 20 ओवर में 329/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में आर्यभट्ट कॉलेज की टीम 20 ओवर में 176/8 तक ही पहुंच सकी। टीम की ओर से पीयूष चंदीला ने 51 रन बनाने के साथ 5 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

लक्ष्य गोयल को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।