कोंडागांव, 01 मई । जिले के जैतपुरी गांव में एक विवाह समारोह के दौरान युवतियों से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है। यह घटना 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच हुई। विवाह समारोह में डीजे पर डांस चल रहा था, तभी गांव के कुछ युवकों ने वहां मौजूद पीड़िता और पांच अन्य युवतियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने गलत नीयत से युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब युवतियों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट भी की गई।
घटना की शिकायत के बाद कोंडागांव थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बबलू मरकाम (20), अनिल यादव (18 वर्ष 4 माह), वीरेंद्र मानिकपुरी (21), महेश कुलदीप (21) और अमित दास यादव (19) को हिरासत में लिया। ये सभी जैतपुरी पटेलपारा के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने घटना को कारित करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कार्यवाही के उपरांत आज शुक्रवार काे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
