May 5, 2026

Blog

Spread the love

बेंगलुरु, 05 मई । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने लंबे समय तक टीम के साथ जुड़े रहे पूर्व मुख्य फिजियो इवान स्पीचली को भावुक विदाई दी। स्पीचली ने 2008 से 2025 तक करीब 18 वर्षों तक फ्रेंचाइजी के साथ काम किया और टीम के सबसे पुराने सदस्यों में से एक रहे।

इस खास मौके पर टीम ने बेंगलुरु में एक समारोह आयोजित किया, जिसमें खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ ने एकत्र होकर स्पीचली के योगदान को याद किया और उनका सम्मान किया।

टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी विराट कोहली ने स्पीचली के साथ अपने लंबे रिश्ते को याद करते हुए कहा, “मैंने आरसीबी में आपके साथ सबसे ज्यादा समय बिताया है। आप इस टीम के शुरुआती सदस्यों में से हैं। आपकी मेहनत और प्रोफेशनलिज्म के अलावा आपकी दयालुता, देखभाल और ईमानदारी हमेशा याद रहेगी। आप इस परिवार का हिस्सा हमेशा रहेंगे।”

टीम के क्रिकेट निदेशक मो बॉबट ने भी स्पीचली के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, “इवान लंबे समय तक हमारे मुख्य फिजियो रहे हैं। हम उन्हें वापस बुलाकर उनके योगदान को सम्मान देना चाहते थे और उनके साथ समय बिताना चाहते थे।”

भावुक हुए इवान स्पीचली ने भी टीम के प्रति अपना जुड़ाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जब मैं कल होटल पहुंचा तो ऐसा लगा जैसे घर वापस आ गया हूं। आरसीबी हमेशा एक परिवार की तरह रहा है। दुनिया का हर क्रिकेटर यहां एक सीजन बिताना चाहेगा, और मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे 18 साल यहां बिताने का मौका मिला।”

करीब दो दशकों तक टीम के साथ जुड़े रहे स्पीचली ने कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों के साथ काम किया और टीम के भीतर एक भरोसेमंद और सम्मानित चेहरा बने रहे।

आरसीबी की यह विदाई सिर्फ एक व्यक्ति के योगदान का सम्मान नहीं, बल्कि उन लोगों के महत्व को भी दर्शाती है, जो पर्दे के पीछे रहकर टीम की सफलता और संस्कृति को मजबूत बनाते हैं।