बेंगलुरु, 06 मई । इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों की मेजबानी से वंचित रहने पर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने गहरी निराशा व्यक्त की है। साथ ही, भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के स्थल चयन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
केएससीए ने बुधवार को जारी अपने विस्तृत बयान में कहा कि उसने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्लेऑफ मैचों की मेजबानी के लिए अपनी “तैयारी, इच्छा और गहरी रुचि” औपचारिक रूप से बीसीसीआई को बताई थी। संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने इस संबंध में व्यक्तिगत रूप से भी बोर्ड से बातचीत की थी। बयान में कहा गया कि आईपीएल प्लेऑफ मैच अन्य केंद्रों को आवंटित किए जाने से केएससीए निराश है। संघ ने यह भी रेखांकित किया कि इस सीजन बेंगलुरु में आयोजित पांच लीग मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए, जिनकी संचालन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और दर्शकों के अनुभव की व्यापक सराहना हुई।
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने इस बार प्लेऑफ मुकाबले धर्मशाला और मुल्लांपुर में आयोजित करने का फैसला लिया है, जबकि फाइनल अहमदाबाद में होगा। पिछले पांच संस्करणों में यह चौथी बार है, जब फाइनल अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार इस बार फाइनल बेंगलुरु में होने की उम्मीद थी, खासकर क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मौजूदा चैंपियन है।
बीसीसीआई ने अपने फैसले का कारण बताते हुए कहा था कि “कुछ परिचालन और लॉजिस्टिक कारणों” के चलते इस बार प्लेऑफ तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ आवश्यकताएं बोर्ड के तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं थीं।
हालांकि, केएससीए ने स्पष्ट किया कि उसका बोर्ड को भेजा गया संचार पूरी तरह तथ्यात्मक और संचालन संबंधी था, जिसका उद्देश्य केवल पारदर्शिता और स्पष्टता बनाए रखना था। संघ ने यह भी बताया कि बेंगलुरु में आईपीएल 2008 से ही एक समान संचालन व्यवस्था लागू रही है, जिसे इस सीजन भी अपनाया गया।
बयान में आगे कहा गया, “हमारी पूरी तैयारी और इच्छा के बावजूद बीसीसीआई ने अन्य स्थानों को चुना है। हालांकि इसके पीछे के कारण हमें औपचारिक रूप से नहीं बताए गए हैं, लेकिन हम बोर्ड के निर्णय और अधिकार का सम्मान करते हैं।”
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई मैच नहीं हुआ था। लेकिन इस सीजन से पहले सरकारी एजेंसियों द्वारा सुरक्षा समीक्षा के बाद इसे मैचों की मेजबानी के लिए मंजूरी मिल गई थी। बीसीसीआई ने इस मैदान को भविष्य के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की भी मेजबानी सौंपी है।
इस सीजन बेंगलुरु में आयोजित पांच लीग मुकाबले सफल रहे, हालांकि राज्य सरकार द्वारा विधायकों के लिए वीआईपी टिकट की मांग के चलते कुछ व्यवस्थागत चुनौतियां सामने आई थीं।
केएससीए ने अंत में कहा कि वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े मुकाबलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है और बीसीसीआई सहित सभी संबंधित पक्षों को पूरा सहयोग देता रहेगा।
