सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए नागरिकों और व्यवसायों से विदेशी मुद्रा की आवश्यकता वाली वस्तुओं पर खर्च कम करने का आग्रह किया है। आज नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष अभी भी जारी है और युद्धविराम की स्थिति अभी दूर है, इसलिए देश के लिए आर्थिक मोर्चे पर जिम्मेदारी से काम करना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में उन क्षेत्रों की पहचान करनी चाहिए जहां विदेशी मुद्रा व्यय को कम किया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हवाला देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि ऐसे व्यय को कम करने के साथ-साथ विदेशी मुद्रा आय में वृद्धि करना भी आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए दोनों प्रयास साथ-साथ चलने चाहिए।
