बीजापुर, 11 मई । जिले के अतिसंवेदनशील और दूरस्थ ग्राम उड़तामल्ला में आज साेमवार काे थाना पामेड़ पुलिस द्वारा “मनवा पुलिस-मनवा नाटे” अभियान के तहत गांव में जन-संवाद और चलित थाना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिस जवानों ने गांव में लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा के साथ विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और पुलिस के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना था। लंबे समय से अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की सकारात्मक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार ऐसे अभियान चला रही है।
उड़तामल्ला में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी और पुलिस अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि गांव या जंगल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल और आंगनबाड़ी भेजने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दाैरान पुलिस जवानों ने बच्चों और ग्रामीणों के बीच जरूरत का सामान वितरित किया। महिलाओं को साड़ियां, ग्रामीणों को चप्पल और छाते दिए गए, वहीं बच्चों को खेल सामग्री, कॉपी-पेन, चॉकलेट और बिस्किट बांटे गए। क्रिकेट और वॉलीबॉल किट मिलने से बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का इस तरह गांव तक पहुंचना उनके भीतर सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा करता है। बीजापुर पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए दूरस्थ इलाकों में आम जनता और पुलिस के बीच संवाद और विश्वास को लगातार मजबूत किया जाएगा।
