अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कारोबारी एलन मस्क के बीच गिले शिकवे खत्म हो गए हैं. ऐसा हम इसलिए कह रहे क्योंकि ट्रंप अपने आगामी चीन दौरे पर दिग्गज कारोबारियों का एक ‘पावरफुल’ डेलिगेशन ले जा रहे हैं और इस लिस्ट में सबसे चौकाने वाला नाम एलन मस्क का है. ट्रंप और मस्क की इस नई केमिस्ट्री ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. हालांकि इस लिस्ट में कई और कारोबारी भी शामिल हैं.
बीबीसी के अनुसार, बीजिंग जाने वाले इस आधिकारिक डेलिगेशन में मस्क के साथ एप्पल के सीईओ टिम कुक और ब्लैक रॉक के लैरी फिंक जैसे दिग्गज भी शामिल होंगे.
कुल 17 बड़े कॉर्पोरेट दिग्गज ट्रंप के साथ एयरफोर्स वन में सवार होकर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने पहुंचेंगे. यह ट्रिप ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी और आर्थिक मोर्चे पर काफी तनातनी चल रही है और ट्रंप अपनी इस टीम के जरिए चीन को अपनी व्यापारिक ताकत का अहसास कराना चाहते हैं.
ट्रंप के इस डेलिगेशन में सिर्फ मस्क और कुक ही नहीं, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली कंपनियों के मुखिया भी शामिल हैं. इसमें मेटा की दीना पॉवेल मैककॉर्मिक, बोइंग के केली ऑर्टबर्ग, वीजा के रयान मैकिनर्नी और गोल्डमैन सैक्स के डेविड सोलोमन जैसे नाम शामिल हैं. हालांकि दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में एनवीडिया (Nvidia) के बॉस जेन्सन हुआंग का नाम गायब है, जबकि वह खुद इस दौरे का हिस्सा बनने की इच्छा जता चुके थे.
