May 23, 2026

Blog

Spread the love

 देहरादून, 23 मई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर शनिवार को देहरादून पहुंचे। देहरादून से वह उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए, जहां वह सीमांत क्षेत्र स्थित हर्षिल पोलिंग बूथ का निरीक्षण करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान निर्वाचन व्यवस्थाओं, मतदाता सूची पुनरीक्षण, सीमांत क्षेत्रों में मतदान सुविधाओं और चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।

बताया जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त सीमावर्ती क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया की जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे और दूरस्थ इलाकों में मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त का यह दौरा आगामी निर्वाचन तैयारियों के दृष्टिगत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में चुनाव आयोग की पहुंच एवं व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर फोकस किया जाएगा।