देहरादून, 29 मई । उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में मध्यम से भारी बारिश, गर्जन और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पहाड़ी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है, जो कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। मैदानी जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक से दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी तीन से चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। देवप्रयाग में 69.4 मिमी, टिहरी में 56.4 मिमी, पिथौरागढ़ में 48.5 मिमी और मसूरी में 38.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं कालसी में 76.5 मिमी और यमकेश्वर में 74 मिमी बारिश दर्ज हुई।
