Match No 15 of Played between Bhopal Leopards and Ujjain Falcons at Holkar Stadium, Indore , Madhya Pradesh on 10th June 2026 ©Adimazes No Archive Allowed
इंदौर, 10 जून । मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 स्कंदिया कप 2026 में मंगलवार को उज्जैन फाल्कन्स और रीवा जगुआर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स ने भोपाल लायंस को 16 रन से हराकर जीत की राह पर वापसी की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 195/8 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से यश दुबे ने 54 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि माधव तिवारी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के शामिल रहे। मध्यक्रम में आए गिरावट के बाद तिवारी ने पारी को संभालते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। टीम 20 ओवर में 179/7 रन ही बना सकी। उज्जैन की ओर से माधव तिवारी ने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए 2 विकेट हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में रीवा जगुआर्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 31 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा ने 209/5 रन का विशाल स्कोर बनाया।
अनंत वर्मा ने नाबाद 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सागर सोलंकी ने मात्र 28 गेंदों में 60 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंदौर पिंक पैंथर्स की टीम 178 रन पर सिमट गई। कप्तान वेंकटेश अय्यर केवल 19 रन ही बना सके, जबकि शिवम शुक्ला ने 36 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।
रीवा की ओर से गेंदबाजी में अंकित कुशवाहा ने 3 विकेट झटके, जबकि रामवीर गुर्जर, रोहित राजावत और कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने 2-2 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।
दोनों मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और लीग में प्रतिस्पर्धा को और रोमांचक बना दिया।
