नई दिल्ली, 11 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार में 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 से 20 जून तक दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में 39 जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों तक सीधे पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने गुरुवार को जन कल्याण शिविरों की तैयारियों को लेकर दिल्ली सचिवालय में सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान प्रत्येक विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवश्यक सेवाएं और सहायता एक ही स्थान पर सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो। विशेष रूप से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र नागरिक को किसी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने निकटतम जन कल्याण शिविर में पहुंचकर केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।
