नई दिल्ली, 15 जून। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होने की पुष्टि के बाद ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज मजबूती के साथ कारोबार हो रहा है।
पश्चिम एशिया का तनाव खत्म होने और होर्मुज स्ट्रेट के खुलने की उम्मीद की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। इसके साथ ही स्पेसएक्स के शेयरों की पहली लिस्टिंग के दौरान आई जबरदस्त तेजी की वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 353.51 अंक यानी 0.70 प्रतिशत उछल कर 51,202.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,431.46 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.31 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,888.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 436.46 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,638.72 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार की तरह ही यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार उत्साह का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 167.84 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,471.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 150.07 अंक यानी 1.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,350.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 425.59 अंक यानी 1.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,635.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा खरीदारी हो रही है। एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 302 अंक यानी 1.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,930.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,077.44 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 441.80 अंक यानी 5.44 प्रतिशत उछल कर 8,565.42 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह निक्केई इंडेक्स 3,205.96 अंक यानी 4.86 प्रतिशत की मजबूती के साथ 69,226 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 247.73 अंक यानी 4.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,255.39 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,192.70 अंक यानी 2.70 प्रतिशत की छलांग लगा कर 45,361.74 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.92 प्रतिशत उछल कर 4,068.58 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 118.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,837 संघ के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,596.08 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
