नई दिल्ली, 17 जून ।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसएम अकरम ने मुहर्रम के मद्देनजर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को पत्र लिखकर यहां आयोजित होने वाले जुलूसों एवं धार्मिक सभाओं के दौरान आवश्यक जनसुविधाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम से भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का अनुरोध किया है।
अकरम ने बुधवार को एक बयान में प्रशासन से अपील की कि मुहर्रम के दौरान संबंधित क्षेत्रों में बिजली एवं पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति, बेहतर सफ़ाई व्यवस्था, सुचारु ट्रैफ़िक प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं इमरजेंसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन स्थानों पर जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं वहां सड़कों की मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त किया जाए।
अकरम ने कहा कि मुहर्रम आस्था, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द का महत्वपूर्ण अवसर है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन सभी आवश्यक कदम उठाकर यह सुनिश्चित करेगा कि मुहर्रम का आयोजन शांति, सौहार्द, सुगमता एवं धार्मिक पवित्रता के पूर्ण सम्मान के साथ संपन्न हो।
