मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर एक बार फिर अपने सादगी भरे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के साथ-साथ जमीन से जुड़े स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले सुनील ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। वीडियो में वह रात के समय नदी किनारे फुटपाथ पर बिछी एक साधारण चटाई पर आराम करते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास कई श्रद्धालु भी खुले आसमान के नीचे विश्राम करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो के बैकग्राउंड में ‘जय महाकाल’ भक्ति गीत सुनाई देता है, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक और शांत नजर आता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए सुनील ने कैप्शन में लिखा, “तारे जमीन पर।” बिना किसी दिखावे और स्टारडम के आम लोगों के बीच नजर आए अभिनेता का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। फैंस उनकी सादगी और सहज जीवनशैली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब सुनील ग्रोवर ने अपने सरल व्यक्तित्व से लोगों का ध्यान खींचा हो। इससे पहले भी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह सड़क किनारे लगे हैंडपंप पर खुद अपने कपड़े धोते दिखाई दिए थे। उनके ऐसे वीडियो अक्सर यह संदेश देते हैं कि लोकप्रियता और सफलता के बावजूद जमीन से जुड़े रहना ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।
