वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी है। भूकंपों के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं और राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
डेल्सी रोड्रिगेज ने की इमरजेंसी की घोषणा
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि देश में आए भीषण भूकंप के बाद राष्ट्रीय स्तर पर इमरजेंसी लागू कर दी गई है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क, सुरक्षित और शांत रहने की अपील की। रोड्रिगेज ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक संसाधन भेजे जा रहे हैं।
मैक्वेटिया एयरपोर्ट किया गया बंद
भूकंप से हुए नुकसान को देखते हुए मैक्वेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सरकार के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां, चिकित्सा सेवाएं और सिविल प्रोटेक्शन टीमें पूरे देश में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
एक मिनट के अंतराल पर आए दो बड़े भूकंप
संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार बुधवार शाम 10:04 बजे जीएमटी पर 7.2 तीव्रता का पहला भूकंप दर्ज किया गया। इसके मात्र एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दोनों भूकंपों का केंद्र राजधानी काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित तटीय शहर मोरोन के निकट था।
कम गहराई के कारण बढ़ा नुकसान
यूएसजीएस के अनुसार दोनों भूकंप लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर आए। कम गहराई वाले भूकंप आमतौर पर अधिक विनाशकारी होते हैं, जिसके कारण व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
कई शहरों में इमारतों को नुकसान
वेनेजुएला के गृह, न्याय एवं शांति मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटकों से देश के विभिन्न शहर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि काराकास महानगरीय क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में कई इमारतें ढह गई हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है। राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रही हैं।
बड़ी जनहानि की आशंका
यूएसजीएस ने प्रारंभिक आकलन में आशंका जताई है कि इस आपदा में बड़े पैमाने पर जनहानि हो सकती है। एजेंसी के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में भारी तबाही की संभावना को देखते हुए स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लोगों से घरों से बाहर रहने की अपील
डियोसडाडो कैबेलो ने नागरिकों से अगले कुछ घंटों तक इमारतों के भीतर न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आफ्टरशॉक्स के कारण क्षतिग्रस्त इमारतों के गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और आपदा से निपटने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
कोलंबिया में भी महसूस किए गए झटके
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया के कई शहरों में भी महसूस किए गए। वहां भी लोगों में दहशत का माहौल देखा गया, हालांकि किसी बड़े नुकसान की तत्काल सूचना नहीं मिली है।
जापान में भी आया 6.9 तीव्रता का भूकंप
इस बीच एक अलग घटना में गुरुवार सुबह उत्तर-पूर्वी जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के कारण कुछ समय के लिए परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जापानी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
