अहमदाबाद, 9 फरवरी । जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले अहमदाबाद शहर में गुरुवार से दो दिवसीय यू 20-अर्बन समिट की प्रथम शेरपा बैठक का मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शुभारंभ किया।
गुरुवार को देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों के लिए सुबह 6.30 बजे से अहमदाबाद के गोटिला गार्डन में कृष्णा कुमारी और रेखा जैन ने योग का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इसके बाद उद़्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि शहरी विकास की यात्रा के शिल्पी समान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मुख्यमंत्रीत्व काल के दौरान गुजरात के शहरों की सम्पूर्ण रूप से कायाकल्प किया, जिसके परिणामस्वरूप शहरों में इज ऑफ लिविंग बढ़ा, जिसके हम सभी साक्षी हैं। पिछले दशकों में गुजरात सरकार ने नेट जीरो, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट और समाज के कमजोर वर्ग के जरूरतों को ध्यान में रखकर कई परियोजनाओं को क्रियान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समग्र विश्व में तेजी से शहरीकरण हो रहा है। ऐसे में असंतुलित विकास, आवाजाही में भीड़ की समस्या, पर्यावरणीय असंतुलन और सार्वजनिक वितरण सेवा में पैदा हो रही समस्याओं को लेकर परिणामलक्षी समाधान के अनुसार शहरी विकास योजनाओं की डिजाइन तैयार की जाए। यह अब समय की मांग हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के कारण गुजरात के शहरों की सार्वजनिक वितरण सुविधा में नए शोध और ई-गर्वनेंस को प्रधानता दी गई है। इसके परिणामस्वरूप बीआरटीएस जनमार्ग सुविधा, मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, डिजिटल गर्वनेंस, अर्बन कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट साकार किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को जी-20 की अध्यक्षता करने का श्रेय मिला है, जो कि गौरव की बात है। इस बैठक वर्तमान शहरी मामलों के लिए सर्वसमावेशी-दृघकालीन आर्थिक लाभ के लिए सर्वाधिक संभावित अवसरों को उपलब्ध कराने के लिए एक प्लेटफार्म साबित होगा। उन्होंने कहा कि गुजरात सिंधु सभ्यता के विकास का साक्षी रहा है। राज्य में 17 से अधिक हड़प्पा स्थलों की खोज की गई है। इसमें धोलावीरा एक प्रमुख स्थल है।
बैठक को अहमदाबाद के महापौर किरीट परमार ने भी संबोधित किया। भारत के जी 20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि विश्व आज जीयो-पोलिटिकल क्राइसीस, युद्ध, मंदी, डाटा क्राइसीस, क्लाइमेट एक्शन फाइनेंस की कठिनाई, फूड, फ्युएल व फर्टिलाइजर की कमी, पोस्ट कोविड क्राइसीस आदि चुनौतियों से जूझ रहा है। इन सबों के बीच भारत के पास नरेन्द्र मोदी के रूप में ऐसे प्रधानमंत्री का नेतृत्व है, जो इन चुनौतियों को परिणाम में बदलने और संभावनाओं को अवसर में बदलने में समर्पित भाव से प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दशक में विकास के मामले में शहर केन्द्रीय भूमिका में रहेंगे। किसी भी राष्ट्र के विकास के लिए प्लांड, इनोवटिव और सस्टेनेबल अर्बनाइजेशन जरूरी है। शहर के विकास और व्यवस्थापन में प्रोफेशनलिज्म, तकनीकी का उपयोग बढ़ाने की जरूरत है।
बैठक में गुजरात सरकार के मुख्य सचिव राजकुमार, केन्द्रीय शहरी आवास मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी समेत जी-20 राष्ट्र समूह प्रतिनिधि समेत शेरपा मौजूद रहे। आयोजन में यू 20 अंतर्गत सी 40 के विदेश के न्यूयार्क, क्योटो, मैक्सिको, बार्सेलोना, पोर्ट लुइस, लांस एजेंल्स, मिलान, रियाध, जकार्ता, लेगोस, ज्होनिसबर्ग, ढाका नार्थ, डर्बन, मेड्रीड, रोटरडेम, साओ पोलो, ब्यूनोस एरीय जैसे शहरों समेत भारत के कोलकाता, विशाखापट्टनम, चंडीगढ, इंदौर, श्रीनगर, अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा, जामनगर, जूनागढ और गांधीनगर समेत 40 शहरों के शेरपा-प्रतिनिधि मौजूद रहे।
